राज्य
जनरक्षा यात्रा के चलते जाम से बेहाल होने लगी दिल्ली
By Deshwani | Publish Date: 10/10/2017 2:03:21 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। राष्ट्रीय राजधानी में लगातार एक सप्ताह से जारी जनरक्षा यात्रा अब आम जनता के लिए बड़ी समस्या बन गई है। लगातार सात दिनों से अलग-अलग मार्गों से मार्क्सवादी पार्टी मुख्यालय जाने वाली जनरक्षा यात्रा से लुटियन जोन में क्नॉट प्लेस समेत सभी प्रमुख मार्गों पर लम्बे-लम्बे जाम लगने लगे हैं। प्रतिदिन 2 घंटे से ज्यादा समय के लिए मार्ग परिवर्तन कर दिया जाता है जिसके चलते मेट्रो, बसों में यात्रा करने वाले और दीपवाली के त्यौहार पर खरीददारी करने वालों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
मंगलवार को जाम में फंसे कार चालक रजनीश कुमार ने बताया कि यह जनरक्षा यात्रा प्रत्येक दिन निकालना आम जनता के लिए उल्टा साबित हो रहा है। उन्होंने केरल की समस्या को राजधानी में प्रतिदिन भाजपा द्वारा उठाना तर्कसंगत नहीं बताया। इसके अलावा मेट्रो से सफर करने वाले युवाओं ने आज भाजपा दिल्ली प्रदेश को केरल जाने की सलाह दी। छात्र अभिषेक और तनवीर ने कहा कि दिल्ली में विद्यार्थी बढ़े हुए मेट्रो किराये से प्रभावित हो रहे हैं| इस पर किसी का ध्यान नहीं है। छात्रों ने कहा कि अब अभिभावकों को कैसे बोलें कि मेट्रो का किराया बढ़ गया है| अब पैदल ही प्रतिदिन चला जाएगा। गौरतलब है कि भाजपा दिल्ली प्रदेश द्वारा पिछले बुधवार से ही प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी के नेतृत्व में जनरक्षा यात्रा आयोजित कर रही है। भाजपा का आरोप है कि माकपा द्वारा संघ और उनके कार्यकर्ताओं की लगातार राजनीतिक हत्या करवाई जा रही है।