राज्य
जवाहर द्वीप पर डीजल की टंकी में लगी आग,बुझाने का प्रयास जारी
By Deshwani | Publish Date: 7/10/2017 12:24:15 PMमुंबई, (हि.स.)। मुंबई के भाऊचा धक्का परिसर के पास समुद्र में स्थित जवाहर द्वीप पर डीजल की बड़ी टंकी में शुक्रवार की शाम को आग लग गई। इस भीषण आग को 15 घंटे बाद भी बुझाया नहीं जा सका है। आग पर पूरी तरह से नियंत्रण नहीं पाया जा सका है। हालांकि आग को बुझाने के लिए लगातार प्रयास चल रहा है।
मुंबई से सटे जवाहर द्वीप पर जमीन से निकलने वाले कच्चे तेल को रखे जाने के लिए तकरीबन 20 टंकियां बनाई गई हैं। यहां पर तेल का शुद्धिकरण करके सप्लाई किया जाता है। शुक्रवार की दोपहर तकरीबन पांच बजे द्वीप पर स्थित डीजल तेल की टंकी क्रमांक 12 में आग लग गई। यहां के एक अधिकारी ने बताया कि बारिश के दौरान बिजली गिरने से हुई स्पार्किंग की वजह से आग लगी है। द्वीप पर उपलब्ध संसाधनों से आग को बुझाने का काम जारी है। बताया जा रहा है कि आग का फैलाव थम गया है, पर आग पूरी तरह से बुझी नहीं है। आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन दल के जवान अब भी प्रयासरत हैं। आग को बुझाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।