राज्य
नाले में मिला महिला का शव
By Deshwani | Publish Date: 7/10/2017 10:53:58 AMमुंबई, (हि.स.)। पुणे शहर केे हडपसर पुलिस थाना अंतर्गत क्षेत्र में स्थित फुरसुंगी के नाले में एक महिला का शव बरामद होने से परिसर में सनसनी फैल गई है। मृतक महिला की पहचान माधुरी पवार (28) के रूप में की गई है। पुलिस ने आशंका व्यक्त करते हुए कहा है कि महिला की हत्या अवैध संबंधों के चलते हुई होगी। साथ ही मामला दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
हडपसर पुलिस के अनुसार मृतक महिला फुरसुंगी परिसर की एक निर्माणाधीन इमारत की साइट पर काम करती थी। उसी साइट पर काम करने वाली एक महिला ने पुलिस को पूछताछ में बताया की मृतक महिला का किसी से अवैध संबंध है, ऐसा शक उसके पति को था।
पुलिस जांच में पता चला है कि हत्या करने के पहले महिला के साथ मारपीट की गई और उसके बाद उसे जान से मारकर नाले में फेंक दिया गया। पुलिस ने नाले से शव बरामद कर, पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस को इस प्रकरण में तीन लोगों पर संदेह है, क्योंकि वे तीनों घटना बाद से ही फरार हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करके फरार हुए तीनों तथाकथित आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि तीनों के पकड़े जाने के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक बागवान कर रहे हैं।