राज्य
भाजपा प्रतिनिधिमंडल का पहाड़ दौरा चार से
By Deshwani | Publish Date: 3/10/2017 9:57:54 AMकोलकाता, (हि.स.)। गोरखालैंड की मांग में तीन महीने से अधिक समय तक पहाड़ पर चले आंदोलन एवं बंद की समाप्ति के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष के नेतृत्व में सात सदस्यी एक प्रतिनिधिमंडल तीन दिवसीय दौरे पर पहाड़ पहुंच रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य दार्जिलिंग, कालिम्पोंग व सिक्किम का दौरा कर वहां के भाजपा व एनडीए के सहयोगी दल गोजमुमो नेताओं से मुलाकात कर भविष्य की रणनीति तैयार करेंगे।
हालांकि इस दौरान भाजपा नेता के मोर्चा सुप्रीमो विमल गुरुंग के साथ मुलाकात नहीं किये जाने की संभावना जतायी जा रही है। लंबे समय तक बंद की मार झेलने के बाद केंद्र एवं राज्य सरकार की पहल पर बंद समाप्त होने के बाद पहली बार यहां किसी राजनीतिक दल के नेताओं का दौरा हो रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष चार अक्टूबर को कालिम्पोंग जायेंगे। पांच को दार्जिलिंग में वे भाजपा एवं मोर्चा नेताओं से मुलाकात कर पहाड़ की वर्तमान स्थितियों पर चर्चा करेंगे। उसी दिन वे यहां से सिक्किम के लिए रवाना होंगे। पहाड़ दौरा समाप्त कर घोष अपनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे।
गौरतलब है कि पहाड़ मुद्दे को लेकर गृहमंत्री राजनाथ सिंह द्वारा त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित किये जाने के आश्वासन के बाद गोजमुमो ने पहाड़ पर जारी बंद वापस लेने का फैसला किया था। गृह मंत्रालय जल्द ही पहाड़ मुद्दे को लेकर त्रिपक्षीय वार्ता का आयोजन कर सकता है।