राज्य
रेड रोड पर आज विसर्जन कार्निवल, दुर्गा प्रतिमाओं की होगी प्रदर्शनी
By Deshwani | Publish Date: 3/10/2017 9:24:09 AMकोलकाता, (हि.स.)। महानगर के रेड रोड पर मंगलवार को कोलकाता व आसपास के जिलों में आयोजित हुई दुर्गा पूजा की प्रतिमाओं की प्रदर्शनी की जाएगी। राज्य सरकार की ओर से आयोजित विसर्जन कार्निवल (प्रतिमा प्रदर्शनी ) में शामिल होने के बाद इन प्रतिमाओं को विसर्जित कर दिया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से पूजा आयोजकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पिछले साल से इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी स्वयं मौजूद रहती हैं।
इस वर्ष विसर्जन कार्निवल में महानगर कोलकाता से 60 पूजा आयोजक भाग लेंगे जबकि बाकी के चार आयोजक उत्तर 24 परगना व हावड़ा से हिस्सा ले रहे हैं। सभी आयोजक अपनी प्रतिमा व थीम के साथ पलासी गेट पर रेड रोड की ओर अपनी प्रतिमाओं के साथ मौजूद रहेंगे। पुलिस ने भी इस प्रदर्शनी की सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की है।
लाल बाजार पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनी की सुरक्षा के लिए 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती रेड रोड के चारों ओर की गई है। साथ ही सीसीटीवी व वॉच टावर के जरिए भी निगरानी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में 25 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक पूजा कमेटी से 50 लोगों को शामिल होने की अनुमति है।