राज्य
स्वतंत्रता दिवस पर शिवपाल सिंह का शक्ति प्रदर्शन, अखिलेश पर पार्टी कमजोर करने का आरोप
By Deshwani | Publish Date: 16/8/2017 10:49:45 AMलखनऊ, (हि.स.)। सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने गृहनगर इटावा में स्वतंत्रता दिवस पर अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए भतीजे अखिलेश यादव पर पार्टी को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) को अपमानित नहीं किया गया होता तो पार्टी को विधानसभा और लोकसभा चुनावों में हार का सामना नहीं करना पड़ता।
बता दें कि समाजवादी पार्टी में बिखराव के बाद शक्ति प्रदर्शन का दौर चल रहा है। मंगलवार को पूर्व राज्य पीडब्ल्यूडी मंत्री ने भी अपनी शक्ति का प्रदर्शन करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले जिस तरह की समाजवादी पार्टी के कुछ लोगों ने स्वहित में निर्णय लिए और नेताजी को गुमराह करने की कोशिश की, उससे पार्टी के भीतर कई लोग कमजोर हुए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि किसान, समाज के कमजोर वर्ग का मुलायम पर भारी विश्वास था और वे उनसे मार्गदर्शन प्राप्त करने की उम्मीद कर रहे थे। लेकिन स्थितियां कुछ से कुछ बन गईं। नतीजा आप सभी के सामने हैं।
पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह ने अपने भतीजे पर पार्टी को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव को अपमानित नहीं किया गया होता तो पार्टी को विधानसभा और लोकसभा चुनावों में हार का सामना नहीं करना पड़ता। हालांकि, मुलायम सिंह यादव ने उकसाने के बावजूद बेटे के बारे में एक शब्द नहीं कहा। मुलायम इस साल की शुरुआत में एक जनवरी को पार्टी प्रमुख के रूप में अखिलेश से पराजित हो गए थे। उन्होंने सामान्य तौर पर समकालीन राजनीति के बारे में बात की। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया और कहा कि जब वह केंद्रीय रक्षा मंत्री थे, तब उन्होंने पाकिस्तान को सीमा पर उनकी हरकतों के लिए मुंहतोड़ जवाब दिया था। लेकिन पार्टी को लेकर अखिलेश के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की।