राज्य
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया ध्वजारोहण
By Deshwani | Publish Date: 15/8/2017 12:17:26 PMभोपाल, (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को 71वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में झंडारोहण किया। इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और उन्होंने परेड की सलामी ली। स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी के मौके पर उन्होंने देश और प्रदेशवासियों को प्रगति और विकास की कामना के साथ बधाई दी।
ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमें यह आजादी कड़े परिश्रम और संघर्ष के बाद मिली है। आजादी की खातिर हजारों क्रांतिकारी हंसते हंसते फांसी के फंदें पर झूल गए। आज भी देश की सुरक्षा के लिए बॉर्डर पर हजारों सैनिक दिन रात पहरा दे रहे हैं। मैं उन सभी माताओं को प्रणाम करता हूं जिन्होंने अपने लालों को देश के हवाले कर दिया।
इस दौरान उन्होंने शहीद बलराम तोमर को याद किया और कहा कि मैं उनको नमन करके यहां आया हूं। आगे अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा हैं। हमने प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया है। 2018 तक प्रदेश के सभी गांवों को सड़कों से जोड़ दिया जाएगा। साथ ही सीएम ने कहा कि मैं आपकों आश्वस्त करता हूं कि 2022 तक मप्र की धरती पर कोई भी गरीब बिना पक्के मकान के नहीं रहेगा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देजनर प्रदेश भर में सुरक्षा व्यवस्था के कढ़े इंतजाम किए गए हैं। वाहनों की सघन जांच की जा रही हैं। रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड आदि पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।