राज्य
दर्शकों को शुद्ध जलपान के लिए पूजा के पहले कार्यशाला आयोजित
By Deshwani | Publish Date: 15/8/2017 9:48:04 AMकोलकाता, (हि.स.)। राज्य में पूजा दर्शकों को स्वास्थ्यवर्धक एवं शुद्ध जलपान तथा भोजन के लिए फुटपाथ विक्रेताओं को कोलकाता नगर निगम प्रशिक्षण देगी। सितम्बर महीने की शुरुआत में ही क्षेत्रीय स्तर पर फुटपाथ विक्रेताओं के लिए एक कार्यशाला आयोजित की जाएगी। जहां फुटपाथ विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा के तौर-तरीके को स्वास्थ्यवर्धक रूप से तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
नगर निगम के अनुसार पूजा के समय लोग अधिकतर फुटपाथ से ही जलपान करते हैं, शर्बत पीते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए फुटपाथ विक्रेताओं को स्वास्थ्यवर्धक स्तर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। भोजन में रंग और स्वाद के लिए विभिन्न तरह के रंग या मसाले का प्रयोग अब नहीं किया जाएगा। फुटपाथ विक्रेताओं को रसोई घर साफ-सुथरा रखने का निर्देश दिया जाएगा। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार नगर निगम की ओर से ग्रेडेशन चालू की जाएगी। जो फुटपाथ विक्रेता जितना अधिक साफ-सुथरा एवं स्वस्थ्यवर्धक खाद्य सामग्री बेचेगा उसी आधार पर उन्हें ग्रेड ‘ए’, ‘बी’, ‘सी’, ‘डी’ ग्रेड दिया जाएगा। जिससे विक्रेताओं में जागरुकता फैले।