राज्य
मुख्यमंत्री ने हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों को दिखाई हरी झंडी
By Deshwani | Publish Date: 14/8/2017 12:01:19 PMरायपुर, (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने रविवार की शाम पुलिस लाइन में हरी झंडी दिखा कर 15 हाइवे पेट्रोलिंग वाहनों को रवाना किया। यह वाहन राजनांदगांव-महाराष्ट्र की सीमा से महासमुंद के बीच लगभग 320 किलोमीटर में लगातार पेट्रोलिंग करेंगे।
इस मार्ग पर 15-15 किलोमीटर के खंड बनाए गए हैं। प्रत्येक खंड में एक वाहन रहेगा, जो किसी भी दुर्घटना और आकस्मिक जरुरत की स्थिति में अधिकतम 10 मिनट में घटना स्थल पर पहुंचेगा। इस वाहन के स्टाफ को दुर्घटना के समय पीड़ित व्यक्तियों को सहायता देने और उन्हें निकट के अस्पताल में 108 के साथ समन्वय कर पहुंचाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर यातायात निर्देशिका का भी विमोचन किया। इस अवसर पर गृहमंत्री रामसेवक पैकरा, लोकसभा सांसद रमेश बैस, विधायक श्रीचंद सुंदरानी, प्रमुख सचिव गृह बी.व्ही.आर.सुब्रमणियम और पुलिस महानिदेशक ए.एन. उपाध्याय सहित पुलिस के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।