राज्य
किसान की गोली मारकर हत्या
By Deshwani | Publish Date: 14/8/2017 10:24:02 AMलखनऊ/ गाजियाबाद, (हि.स.)। गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के प्रथमगढ़ गांव में एक किसान की अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद पहुंची पुलिस ने शव के पंचनामे की कार्रवाई की।
रविवार को रात्रि एक बजे के करीब भोजपुर थाना क्षेत्र में प्रथमगढ़ गांव निवासी महाराज सिंह (45) को घर के बाहर चारपाई पर सोते हुए अज्ञात अपराधियों ने गोलियां मार दी। गोलियों की आवाज सुनकर महाराज सिंह के भाई लिलू सिंह बाहर निकले, तब तक सभी अपराधी भाग निकले थे। इसके बाद लिलू ने सौ नम्बर पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची भोजपुर थाने की पुलिस ने सोमवार की सुबह पांच बजे के बाद लिलू सिंह की तहरीर पर धारा 302 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। सुबह आठ बजे के बाद पुलिस ने पंचनामे की कार्रवाई शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।
एसआई सुरेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने रात्रि पहर सोते हुए महाराज सिंह जो मूलत: किसान था, उन्हें छह से सात गोलियां मारीं। गोलियां लगने से महाराज की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और अग्रिम कार्रवाई करते हुए जांच पड़ताल में जुटी है।