मुंबई, (हिस)। नासिक जिले के चांदवड़ तहसील के धोडांबे में स्वाइन फ्लू से दो लोगों की मौत होने से ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है। यहां पर स्थित स्वास्थ्य विभाग का प्राथमिक उपचार उपकेंद्र बंद है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि चांदवड़ तहसील के धोडांबे में ग्रुप ग्रामपंचायत है, जिसमें धोडांबे, विजय नगर और एकरुखे नामक 3 राजस्व गांव व तांदलवाडी, म्हसु की वाड़ी, रकिबे वाड़ी व गोरक्षनाथ नगर सहितज 4 कस्बों का समावेश है। धोडांबे समूह ग्रामपंचायत की आबादी 5 हजार 162 है। तहसील का धोडांबे आबादी के हिसाब से सबसे बड़ा गांव है।
गांव के नागरिकों को रात-बेरात स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए धोडांबे में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की मांग के लिए नागरिक वर्ष 1995 से सांसद, विधायक, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य से लगातार संपर्क करते हुए प्रयासरत हैं, लेकिन कोई फायदा नहीं हो रहा है।
धोडांबे गांव में वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग का उपकेंद्र है। इस उपकेंद में स्वास्थ्य सेवक व 2 सहायकों की नियुक्ति की गई है। विगत कुछ महीने से उपकेंद्र में नियुक्त पद रिक्त होने से नागरिक परेशान हैं। इस उपकेंद्र पर प्रत्येक तीन दिनों में वडालभोई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद के 3 डाक्टर अदल-बदल कर सेवा दे रहे हैं, लेकिन आज तक एक भी अधिकारी गांव में नहीं पहुंचा है।
उप सरपंच संदीप काले के अनुसार धोडांबे गांव के स्वास्थ्य विभाग के उपकेंद्र की स्थिति अत्यंत खराब है। इससे नामदेव मुरलीधर मोहिते व सुलोचना दत्तात्रय रकिबे की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई, उनकी मौत से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।