राज्य
बसपा विधायक के साथ हुए व्यवहार को नेता प्रतिपक्ष ने बताया लोकतंत्र की हत्या
By Deshwani | Publish Date: 11/8/2017 11:46:36 AMसतना, (हि.स.)। मप्र विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने बीएसपी विधायक ऊषा चौधरी के साथ चुनाव अधिकारियों द्वारा जैतवारा में की गई अभद्रता को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा है कि भाजपा सरकार में दो तरह के कानून चल रहे हैं। एक कानून भाजपा के नेताओं के लिए है जिसमे वो कुछ भी करते रहें उनके लिए सबकुछ माफ है और दूसरा कानून आम जनता के लिए है कि अगर किसी ने सरकार के खिलाफ बोलने की कोशिश भी की तो कई धाराएं लगाकर सीधे सलाखों के अंदर किया जा रहा है।
जैतवारा में भाजपा के नेता खुलेआम चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। भाजपा के सैकड़ों बाहरी कार्यकर्ता पाबन्दी के बावजूद जैतवारा के अंदर रहकर अनैतिक तरीके से जनता पर दबाब बनाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन जिला प्रशासन को यह सब नहीं दिखाई दे रहा। उन्हें अगर कुछ दिखाई दे रहा है तो कांग्रेस अथवा विपक्षी दल का कार्यकर्ता, जिसके साथ अभद्र एवं अमानवीय व्यवहार किया जा रहा हैं। बीएसपी विधायक से हुई घटना बेहद निंदनीय हैं। इस मामले की जांच होनी चाहिये और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए।