राज्य
पौधरोपण के नाम पर कागज पर खर्च हुए लाखों, जांच के आदेश
By Deshwani | Publish Date: 8/8/2017 4:37:11 PMलखनऊ, (हि.स.)। जिलाधिकारी कौशलराज ने एलडीए, नगर निगम और आवास विकास परिषद में पौधा लगाने के नाम पर कागज पर लाखों रुपये खर्च करने की जांच के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को एलडीए के अधीक्षण अभियंता ने इंजीनियरों को जांच से सम्बन्धित पत्र भेजे हैं।
पिछली सरकार में नगर निगम, आवास विकास परिषद और एलडीए को पौध लगाओ अभियान से जोड़ा गया। इस अभियान के तहत कुछ पौधे तो लगाए गए लेकिन अधिकांश जगहों पर विभागों के अधिकारी दोबारा उस स्थान को देखने तक नहीं गए। तीनों विभागों ने कागज पर कार्यवाही की और इसे प्रशासन को भेज दिया। अब इनकी शिकायत पर वर्तमान जिलाधिकारी लखनऊ ने मामले की जांच के आदेश दिए और सभी से लेखा जोखा मांगा है। यहां तक कह दिया गया है कि अगर जांच सही पायी गयी तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।
इसमें एलडीए के अधीक्षण अभियंता शबीद हैदर ने प्राधिकरण के समस्त इंजीनियरों को इस बाबत सूचना दे दी है। बताया जा रहा है कि एलडीए के इंजीनियरों ने पौधरोपण के नाम पर ट्री गॉर्ड तो लगाया लेकिन पौधारोपण नहीं किया। आवास विकास विभाग पर भी एलडीए की भांति ही पौधारोपण के नाम पर कागजों पर रूपए खर्च करने के आरोप हैं।