राज्य
अमेठी में लगे सांसद राहुल के गुमशुदा होने के पोस्टर
By Deshwani | Publish Date: 8/8/2017 3:33:32 PMअमेठी, (हि.स.)। राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में उनके लापता होने के पोस्टर लगाये गये हैं। जगह-जगह लगे पोस्टरों में राहुल गांधी को ढूंढ़कर कर लाने वाले को इनाम देने की भी बात कही गई है।
अमेठी के कांग्रेस कार्यालय के सामने लगाए गए पोस्टर में लिखा है कि माननीय सांसद श्री राहुल गांधी अमेठी से लापता हैं’। इस कारण सांसद द्वारा कराए जाने वाले विकास कार्य ठप हैं।’ पोस्टर में लिखा गया है कि राहुल गांधी के व्यवहार से अमेठी की आम जनता ठगा और अपमानित महसूस कर रही है। अमेठी में इनकी जानकारी देने वालों को उचित पुरस्कार दिया जायेगा। पोस्टर के नीचे निवेदक के रूप में अमेठी की जनता लिखा गया है।
राहुल गांधी पिछले 6 महीने से अमेठी नहीं गए हैं। आखिरी बार राहुल गांधी चुनाव के मौके पर 23 फरवरी को अमेठी के रामलीला मैदन और जगदीशपुर में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करने आए थे। चुनावी औपचारिकता निभा कर वह वापस लौट गए थे।
उधर कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेन्द्र मिश्रा ने इसे आरएसएस और भारतीय जनता पार्टी के लोगों द्वारा राहुल गांधी को बदनाम करने की साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं, ऐसे में वह हर समय अमेठी में उपलब्ध नहीं रह सकते। ऐसा आरएसएस के लोग ही कर सकते हैं। उधर भाजपा जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाण्डेय ने कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के लोग ऐसी ओछी हरकत नहीं करते हैं। पोस्टर प्रकरण में किसी पार्टी कार्यकर्ता का हाथ नहीं है।