राज्य
सरदार सरोवर डूब विस्थापितों के समुचित पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध हूं: सीएम
By Deshwani | Publish Date: 8/8/2017 12:31:40 PMभोपाल, (हि.स.)। सरदार सरोवर बांध के डूब प्रभावितों की मांगों को लेकर अनशन पर बैठी नर्मदा बचाओं आंदोलन की नेत्री मेधा पाटकर की सोमवार को तबीयत खराब हो गई, इसलिए उन्हें और उनके साथियों को अस्पताल में भर्ती किया गया। इस मुद्दे को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी द्वारा राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। आप और कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार के इशारे पर पुलिस ने मेधा पाटकर और उनके साथियों को गिरफ्तार कर लिया है और इसकी कड़ी निंदा की है।
इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मामले में कहा कि मैं संवेदनशील व्यक्ति हूं। चिकित्सकों की सलाह पर मेधा पाटकर व उनके साथियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, गिरफ्तार नहीं किया गया है। उनकी स्थिति हाई कीटोन और शुगर के कारण चिंतनीय थी। इनके स्वास्थ्य और दीर्घ जीवन के लिए हम प्रयासरत हैं।
विस्थापितों के पुनर्वास के लिए प्रदेश सरकार ने नर्मदा पंचाट व सुप्रीम कोर्ट के आदेश पालन के साथ 900 करोड़ का अतिरिक्त पैकेज देने का काम किया। विस्थापितों के पुनर्वास के संबंध में मेधा पाटकर को पूरी जानकारी देकर राज्य सरकार ने उन्हें संतुष्ट करने की पूरी कोशिश की है। सरदार सरोवर बांध के विस्थापितों को बेहतर से बेहतर सुविधा मिले, हर संभव प्रयास किया गया है और यह प्रयास जारी है। मैं प्रदेश का प्रथम सेवक हूं और मैं सरदार सरोवर बांध के विस्थापित अपने प्रत्येक भाई-बहन के समुचित पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध हूं।