राज्य
नहरों के पुलों के पुनर्निर्माण के लिए 8.5 करोड़ रुपए की राशि मंजूर
By Deshwani | Publish Date: 4/8/2017 11:20:16 AMटोहाना, (हि.स.)। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा रेलवे रोड व दमकौरा नहरों के पुलों की हालत सुधारने के लिए की गई घोषणा के मद्देनजर सरकार की ओर से लगभग 8.5 करोड़ रुपए की राशि मंजूर कर दी गई है। जल्द ही इसके लिए टेंडर की औपचारिकता पूरी कर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इससे शहर के लोगों को रोड पर लगने वाले जाम से छुटकारा मिलेगा। विभाग के अधिकारियों के अनुसार लगभग 67 वर्ष पूर्व इन पुलों का निर्माण किया गया था जिसके चलते इनकी हालत भी खराब हो चुकी है। नए बनने के बाद लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
जानकारी अनुसार रेलवे रोड पर कल्पना चावला पार्क के पास बनी फतेहाबाद डिस्ट्रीब्यूटरी के पुल की हालत कमजोर है तथा चौड़ाई कम होने के कारण वहां प्राय: जाम की स्थिति रहती थी जिसको लेकर लोगों को परेशानियों से गुजरना पड़ रहा था। यहीं समस्या लोगों को भाखड़ा नहर पर बने पुल पर वाहनों की संख्या अधिक होने के चलते आ रही थी। इस समस्या को दूर करने के बारे में लोग कई बार गुहार लगा चुके थे। सीएम मनोहर लाल जब टोहाना दौरे पर आए थे तो उन्होंने समस्या को दूर करने की घोषणा की थी। इस पर विधायक सुभाष बराला ने भी विभाग से कार्य करवाने के लिए कहा था।विभाग के एक्सईन धूप सिंह ने इनका एस्टीमेट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजा था और इनके पुर्ननिर्माण के लिए लगभग 8.5 करोड़ की राशि मंजूर की जा चुकी है।