राज्य
योगी की मंत्रियों के साथ बैठक समाप्त, अमित शाह के निर्देशों को लेकर हुई चर्चा
By Deshwani | Publish Date: 1/8/2017 12:53:33 PMलखनऊ, (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के लखनऊ छोड़ते ही प्रदेश सरकार पर उनके तीन दिवसीय दौरे का असर प्रारम्भ हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी अध्यक्ष के जाते ही सरकार के सभी मंत्रियों को बुलाया और उनके साथ एक आवश्यक बैठक की।
सरकार के प्रवक्ता और कबीना मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने बताया कि बैठक में प्रभारी मंत्रियों के कार्यों को लेकर चर्चा हुई। लेकिन सूत्र बताते हैं कि बैठक के मुख्य एजेंडा भाजपा अध्यक्ष के निर्देश रहे।
दरअसल लखनऊ प्रवास के दौरान कई विधायकों ने मंत्रियों और अधिकारियों पर विधायकों की उपेक्षा का आरोप लगाया था। इसको अमित शाह ने काफी गंभीरता से लिया और मुख्यमंत्री से विधायकों के समस्या के समाधान हेतु निर्देशित किया था।
सूत्रों का कहना है कि अमित शाह के लखनऊ छोड़ते ही योगी ने मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों की आवश्यक बैठक बुलाई। इस बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव गृह और पुलिस महानिदेशक को भी बैठक में बुलाया था।
बताया जाता है कि मुख्यमंत्री ने विधायकों की समस्याओं के हल के लिए प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में कुछ समूहों का गठन किया है। सूत्र बताते हैं कि योगी ने इस सम्बंध अधिकारियों को भी कड़े निर्देश जारी किये हैं। उन्होंने मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव गृह और पुलिस महानिदेशक से कहा कि सभी अधिकारियों को कर्मचारियों को एक सप्ताह के अंदर अपना व्यवहार ठीक करने के लिए कहें।