रोहतक, (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के 2 से 4 अगस्त तक रोहतक दौरे को लेकर उद्योग मंत्री विपुल गोयल, सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष मनीष यादव व पार्टी के वरिष्ठ नेता शमशेर खरकड़ा ने सोमवार को तिलियार लेक पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और पार्टी के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष दो अगस्त को तिलियार लेक पर पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक लेंगे तथा उन्हें पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए निर्देश देंगे। पार्टी के उपरोक्त नेताओं ने कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में स्थानीय सिंचाई विश्राम गृह व बाद में तिलियार पर्यटन स्थल पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठक आयोजित कर उन्हें कार्यक्रम के संबंध में दिशानिर्देश जारी किए।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा बारे विस्तार से चर्चा की गई और सुरक्षा, भोजन व रात्री ठहराव के संबंध में भी विचार विमर्श किया गया। बाद में सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने कलानौर, समरगोपाल पुर व नगर की अलग-अलग कॉलोनियों में बैठक आयोजित कर लोगों को कार्यक्रम का निमंत्रण दिया गया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एमडीयू के टैगोर आडिटोरियम में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ विचारगोष्ठी करेंगे। जिसमें भारत स्वाभिमान ट्रस्ट व अन्य पदाधिकारियों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा मंडल स्तर से ऊपर तक के कार्यकर्ताओं के लिए एक अलग से बैठक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि रोहतक जिला की सभी बूथ लेवल कमेटियों का गठन किया जा चुका है। यह पार्टी के मजबूत संगठन का सफल परिणाम है। भाजपा राष्ट्रीय ही नहीं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सबसे बड़ी पार्टी है और सदैव चुनावी मोड में रहती है। इस पार्टी का हर कार्यकर्ता सक्रिय व ऊर्जावान रहता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में और अधिक ऊर्जा का संचार करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष तीन दिन तक रोहतक में बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं को पार्टी के प्रति और अधिक समर्पण की भावना से कार्य करने का संदेश देंगे। ताकि आगामी चुनाव में पार्टी बढ़ चढ़कर भाग लेने के साथ-साथ प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव जीत सकें।
उन्होंने कहा कि देश में पहली बार एक दर्जन से अधिक राज्यों में हुए भाजपा की सरकार बनी हुई है और 11 करोड़ से अधिक कार्यकर्ता इससे जुड़े हुए हैं। प्रदेश के कार्यकर्ताओं में राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर भारी उत्साह एवं जोश है तथा वे जिला की सीमा में प्रवेश करने पर ही उनका जोर दार एवं भव्य स्वागत करने के लिए ललायित हो रहे है।