लखनऊ, (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी 100 के मुद्दे पर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोमवार को ट्वीट किया, ‘‘बीजेपी कह रही है पुलिस की ’यूपी 100’ में है भ्रष्टाचार। आखि़रकार सरकार किसकी है ?’’
अखिलेश ने इस तरह प्रदेश सरकार को यह कहकर घेरने की कोशिश की है कि अगर यूपी 100 में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार है, तो इसके लिए वह स्वयं दोषी है, क्योंकि इस समय सूबे में भाजपा सत्तारूढ़ है। अखिलेश इससे पहले भी ट्वीट के जरिए भाजपा पर निशाना साधते आये हैं। उन्होंने बीते शनिवार को विधान परिषद से इस्तीफा देने वाले अपनी पार्टी के नेता बुक्कल नवाब को लेकर भाजपा पर हमला बोला था। अखिलेश ने ट्वीट किया था कि बीजेपी का नवाब बुक्कल के साथ राजनीतिक भ्रष्टाचार!
बुक्कल नवाब और यशवंत सिंह के विधान परिषद से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में जाने की पहले से ही अटकलें लगायी जा रही थीं और सोमवार को दोनों भाजपा में शामिल हो भी गए। इसे सपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव में सत्ता से बेदखल हुई सपा के लिए अब अपने विधायकों को एकजुट रख पाना भी मुश्किल हो रहा है। एक तरफ शिवपाल यादव अपने भतीजे अखिलेश के खिलाफ मोर्चा खोले बैठे हैं, तो दूसरी ओर कई अन्य नेता भी उनसे खफा चल रहे हैं।
ऐसे में अखिलेश ट्वीटर पर भाजपा के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने बिहार में जनता दल (यू) और भाजपा की गठबन्धन सरकार बनने को लेकर भी ट्वीट ‘‘ना ना करते, प्यार तुम्हीं से कर बैठे, करना था इंकार मगर इक़रार तुम्हीं से कर बैठे’’ के जरिए तंज कसा था।