राज्य
योगी आदित्यनाथ ने जयन्ती पर प्रेमचंद को किया नमन
By Deshwani | Publish Date: 31/7/2017 4:09:19 PMलखनऊ, (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुंशी प्रेमचंद की जयन्ती पर उन्हें नमन किया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आधुनिक हिन्दी कहानी के पितामह, हिन्दी और उर्दू के महानतम भारतीय लेखकों में से एक मुंशी प्रेमचंद जी की जयंती पर शत्-शत् नमन।’’
मुख्यमंत्री ने मुंशी प्रेमचंद को भारत के उपन्यास सम्राट, एक सफल लेखक, देशभक्त नागरिक, कुशल वक्ता, जिम्मेदार सम्पादक और संवेदनशील रचनाकर बताया। वहीं प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ मुंशी प्रेमचंद का लेखन एक ऐसी विरासत है जिसके बिना हिंदी विकास अध्ययन अधूरा होता। मुंशी प्रेमचंद जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन।’’
हिंदी के महान लेखक मुंशी प्रेमचंद का जन्म 31 जुलाई 1880 को वाराणसी के लमही गांव में हुआ था। उनका मूल नाम धनपत राय था। उपन्यास के क्षेत्र में उनके योगदान को देखकर बंगाल के विख्यात उपन्यासकार शरतचंद्र चट्टोपाध्याय ने उन्हें उपन्यास सम्राट कहकर संबोधित किया था। आम तौर पर प्रेमचंद अपनी कहानियों और उपन्यासों के लिए जाने गए, लेकिन राजनीतिक-सामाजिक विषयों पर उनके लेख आज भी प्रासंगिक माने जाते हैं। प्रेमचंद का निधन 08 अक्टूबर 1936 को हुआ था।