राज्य
मायावती बोलीं, उप्र. की जनता को कब तक छलेगी भाजपा ?
By Deshwani | Publish Date: 31/7/2017 3:54:50 PMलखनऊ, (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भाजपा पर पहले झूठे आश्वासनों के बल पर चुनाव जीतने और अब उसी छलावे के आधार पर सरकार चलाने का आरोप लगाते हुये कहा कि इस प्रकार के फरेब से उत्तर प्रदेश की लगभग 22 करोड़ जनता को कब तक छला जाता रहेगा।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की आज सोमवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये मायावती ने कहा कि केन्द्र व राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने का कोई भी लाभ उत्तर प्रदेश की जनता को नहीं मिल रहा है बल्कि इसके विपरीत शिक्षा के अधिकार व रोजगार के अवसर पैदा करने वाली योजनाओं आदि पर केन्द्रीय सहायता घटा दी गई है। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं बल्कि जनहित व जनकल्याण की योजनाओं के सम्बन्ध में प्रदेश भाजपा सरकार का योगदान अब तक लगभग ज़ीरो ही बना हुआ है।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि इसके अलावा अपराध-नियन्त्रण व कानून-व्यवस्था की स्थिति का तो काफी ज्यादा बुरा हाल है जिससे प्रदेश में जंगलराज पनप रहा है। सनसनीखेज वारदातों से प्रदेश हर दिन दहल रहा है। उन्होंने कहा कि आज ही इलाहाबाद में प्रधानाचार्य पर कातिलाना हमला इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश भाजपा सरकार में अपराध ही अपराध बोल रहा है।
मायावती ने कहा कि भाजपा द्वारा लोगों को बरगलाकर व लोगों की आंखों में धूल झोंकने की आदत बन गयी है। यही कारण है कि वास्तविक काम करके जनता को तत्काल राहत व लाभ देने के बजाय केवल टालने वाली ही बातें करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश व यहां की जनता का कुछ भी भला नहीं हो रहा है और ना ही आगे ही कुछ भला होने की संभावना है।