राज्य
विधायकों के निवास के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करेगी सरकार: मुख्यमंत्री
By Deshwani | Publish Date: 31/7/2017 1:42:51 PMमुंबई, (हि.स.)। मुंबई में विधायकों के निवास के लिए राज्य सरकार विशेष व्यवस्था करने वाली है। इसके लिए सोमवार की शाम बैठक कर निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को विधानसभा में ये जानकारी दी है।
सोमवार सुबह नरीमन पाइंट में स्थित मनोरा विधायक निवास के कमरा क्रमांक 112 का स्लैब गिर गया था। यह कमरा राकांपा विधायक सतीश पाटील को आवंटित किया गया था। जब विधायक पाटील के कमरे का स्लैब गिरा, तब वे कमरे में नहीं थे इसलिए वह इस हादसे में बाल- बाल बच गए थे। सोमवार को विधानसभा में विपक्ष ने इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया।
राकांपा नेता अजीत पवार ने कहा कि विधायकों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है, सरकार को राज्य के सभी विधायकों के लिए सुरक्षित निवास स्थान उपलब्ध करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बहुत से विधायकों का मुंबई में घर नहीं है, इसलिए वह सभी इन जर्जर हो चुके विधायक निवास में रहने के लिए अभिशप्त हैं।
विधानसभा अध्यक्ष हरिभाऊ बागड़े ने इस मामले में तत्काल सरकार को ध्यान देने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वह खुद मैजेस्टिक विधायक निवास में रहते थे, इसलिए उन्हें विधायक निवास की त्रासदी का पता है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द मनोरा विधायक निवास को गिरा कर नए तरीके से विधायक निवास बनाने का सरकार विचार कर रही है। इस दौरान विधायकों को मुंबई में रहने की व्यवस्था पर सोमवार शाम तक निर्णय लेने वाली है।