राज्य
रुपये नहीं देने पर युवक को पीट-पीटकर अधमरा किया
By Deshwani | Publish Date: 21/7/2017 12:36:54 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। उत्तर पश्चिमी जिले के सुभाष प्लेस इलाके में रुपये नहीं देने पर एक युवक को बदमाशों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। घायल रोशन के साथ वाले मौके से भाग निकले और पुलिस को लूट की कॉल की। पुलिस के आने के बाद रोशन के जीजा कृष्ण देव राय ने पूरी आपबीती बताई। उसके बाद वह दोबारा उक्त स्थान पर पहुंचे। घटना स्थल पर रोशन घायल अवस्था में पड़ा हुआ था।
उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस कृष्ण देव के बयान पर केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश कर रही है। कृष्ण देव राय (39) परिवार के साथ रोहिणी सेक्टर-1 में रहते हैं। वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कृष्ण देव देर रात अपने चाचा के लड़के रविन्द्र व साला रोशन के साथ लुधियाना से दिल्ली आए। कृष्ण ने रविन्द्र को शकूरपुर के पास उतारने के लिए कार रोकी।
इसी बीच दो युवक कार के पास आए और कार के शीशे में जोर-जोर से हाथ मारने लगे। दोनों युवकों की भाषा समझ में नहीं आ रही थी। कृष्ण देव की मानें तो वह 500 रुपये देने के लिए बोल रहे थे। इधर रोशन दोनों युवकों से पूछने के लिए कार से नीचे उतरा। कृष्ण ने डर के मारे कार को स्टार्ट किया और आगे चलकर पुलिस को गाड़ी छीनने की कॉल कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो कृष्ण देव ने पूरी आपबीती बताई। पुलिस सूत्रों की मानें तो पीड़ित के साले के पर तेजधारदार हथियार से प्रहार किया गया है।