राज्य
'योगी की 100 दिन की सरकार में जनता को मिला सिर्फ धोखा'
By Deshwani | Publish Date: 27/6/2017 3:28:02 PMलखनऊ, (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मंगलवार को 100 का रिपोर्ट कार्ड जारी करने के बीच ‘समाजवादी छात्र सभा’ ने प्रदेश सरकार के इन दिनों के कामकाज पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन किया। हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा के सामने एकजुट हुए कार्यकर्ताओं ने योगी सरकार पर प्रदेश की जनता को धोखा देने का आरोप लगाकर जमकर नारेबाजी की।
छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज सिंह यादव ने कहा कि पूर्व सपा सरकार की योजनाओं का नाम बदलकर केवल भाजपा लोगों को वेबकूफ बना रही है। उन्होंने कहा कि सीतापुर में ट्रिपल मर्डर, राजधानी में कई डबल मर्डर, चलती टैम्पों से फेंक कर छात्रा की हत्या के साथ मेरठ, मुजफ्फरनगर सहित कई जिलों में दंगे प्रदेश में बिगड़ी कानून-व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। 100 दिन के कार्यकाल में झूठे वादों कर प्रदेश की जनता को इस सरकार ने खूब छला है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अपनी हक के लिए आवाज उठाने वाले छात्र-छात्राओं ने जब सीएम की फ्लीट को काले झंडे दिखाए तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल में ठूंस दिया गया। योगी सरकार के 100 दिन के कार्यकाल में प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त ना कर पाना, पूर्व सीएम अखिलेश की योजनाओं पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाना, किसानों को कर्जमाफी के नाम पर उन्हें धोखा देना शामिल है।