राज्य
जुर्माना भरना मंजूर, लेकिन हेलमेट नहीं पहनते वाहन चालक
By Deshwani | Publish Date: 27/6/2017 1:10:47 PMमंदसौर, (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं में 80 प्रतिशत दुपहिया वाहन चालक सिर में लगी गंभीर चोट के कारण मौत के मुंह में जा रहे हैं और गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। केंद्र और प्रदेश की सरकारों, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस सहित तमाम सामाजिक संगठनों द्वारा हेलमेट को लेकर जागरूकता फैलाने के तमाम प्रयासों के बाद भी दुपहिया वाहन चालक अपनी जान हथेली पर लेकर चल रहे हैं। उन्हें 250 रूपए जुर्माना देना मंजूर है, पर लोग इतने ही रुपयों में आने वाला हेलमेट नहीं खरीदते हैं।
आंकड़े बताते हैं कि पांच माह में 10 हजार चालान काटे गए हैं। इनमें सात हजार चालान हेलमेट नहीं पहनने वालों के काटे गए। 2016 में यह आंकड़ा दस हजार तक पहुंच गया था। 2016 में 49 लाख रुपए से ज्यादा शमन शुल्क वसूला गया। जबकि इस साल पांच माह में 29 लाख से ज्यादा शमन शुल्क वसूला गया है। यातायात प्रभारी पीएन शर्मा ने बताया कि हमारी कोशिश नियमों का पालन करवाने की है। पिछले साल से अधिक चालान बन रहे हैं। हेलमेट के लिए कई बार समझाइश दी गई लेकिन लोग अपनी सुरक्षा के प्रति गंभीर नहीं है।