राज्य
आगरा में धूमधाम से मनाई ईद
By Deshwani | Publish Date: 26/6/2017 7:57:41 PM आगरा, (हि.स.)। ताजनगरी आगरा में ईद की धूम रही। इस मुबारक मौके पर सोमवार की सुबह ताजमहल मस्जिद पर हजारों लोगों ने नमाज अता की और अमन-चौन की दुआ मांगी। इसके बाद लोगें ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी, लेकिन इस दौरान नमाजियों ने मुस्लिमों पर हो रहे अत्याचार को लेकर काली पट्टी बांध रखी थी।
सोमवार की सुबह ईद की नमाज अता करने के लिए ताजमहल में तीन घंटे के लिए नमाजियों को नि:शुल्क प्रवेश दिया गया। यहां सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। बता दें कि मुगल शासक शाहजहां ने आगरा में जब ताजमहल का निर्माण करवाया तो एक तरफ मस्जिद और दूसरी तरफ मेहमानखाना भी बनवाया। यह ताजमहल का हिस्सा है और इसकी खूबसूरती देखते ही बनती है। आगरा में हर साल ईद के मौके पर सैकड़ों लोग यहां नमाज अता करते हैं। इस साल भी हजारों लोग शरीक हुए। देश के लिए अमन-चैन और खुशहाली की दुआएं मांगी। वहीं जामा मस्जिद, ईदगाह और संदली मस्जिद पर ईदी लेने वालों का हुजूम लगा रहा और पूरे जिले में ईद शांतिपूर्वक तरीके से मनाई जाने की खबर है।