राज्य
मुख्यमंत्री एवं एलजी ने कनॉट प्लेस में किया योगाभ्यास
By Deshwani | Publish Date: 21/6/2017 4:48:29 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बुधवार को नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा कनॉट सर्किल में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में शिरकत की। तीसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर उनके साथ उप राज्यपाल अनिल बैजल भी मौजूद रहे।
आयुष मंत्रालय और एनडीएमसी द्वारा संयुक्तरूप से कनॉट प्लेस में आयोजित योग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल,उपराज्यपाल अनिल बैजल,उनकी पत्नी सहित उपराज्यपाल सचिवालय एवं दिल्ली सरकार के कुछ अधिकारियों ने भी योगभ्यास किया। इस दौरान कनॉट प्लेस सहित राजधानी के कई इलाकों में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोग सुबह ही योग दिवस में हिस्सा लेने पहुंच गए थे। इसके लिए जगह-जगह एलईडी स्क्रीन लगाए गए थे जिन पर योगाभ्यास का प्रसारण किया गया।
योग कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू एवं विजय गोयल सहित कई नेताओं ने हिस्सा लिया| हालांकि बारिश की वजह से कुछ परेशानियों का भी सामना करना पड़ा।