राज्य
स्कूलों में योग शुरू करने पर दिल्ली सरकार करेगी विचार
By Deshwani | Publish Date: 21/6/2017 4:47:00 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार के अन्तर्गत आने वाले सभी स्कूलों में योगाभ्यास की क्लासें शुरू करने की वकालत की है। उन्होंने कहा है कि सरकार अपने स्कूलों में योग को लाने के बारे में विचार कर रही है। वे इस बारे में शिक्षामंत्री मनीष सिसोदिया से बात करेंगे।
केजरीवाल ने अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कनॉट प्लेस में आयोजित एक समारोह के दौरान इस बारे में पूछे जाने पर कहा कि योग अच्छी चीज है। हर किसी को इसका अभ्यास करना चाहिए। इससे शरीर एवं मस्तिष्क दोनों स्वस्थ्य रहते हैं। योगाभ्यास से नये-नये विचार आते हैं जो नये काम करने की प्रेरणा देते हैं।
गौरतलब है कि बुधवार को भारत सहित पूरी दुनिया में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल, केंद्रीय मंत्री एम वैंकेया नायडू, केन्द्र एवं दिल्ली सरकार के कई अधिकारियों सहित लगभग 18 हजार लोगों ने हिस्सा लिया।