राज्य
पहाड़ पर फैली हिंसा की वजह राज्य सरकार : अधीर
By Deshwani | Publish Date: 17/6/2017 7:30:54 PM सिलीगुड़ी, (हि.स.)। सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) हितकारी सिद्धांत एवं राजनीतिक दखल की वजह से पहाड़ में आग लगी है। दार्जिलिंग जिला कांग्रेस की ओर से शनिवार को सिलीगुड़ी में निकाली गई शांति रैली में पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि पहाड़ पर फैली हिंसा की वजह राज्य सरकार है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुजाली, रायगंज जैसे कई जिले पर दखल करने के बाद अब पहाड़ पर कब्जा करना चाहती थी, इसी वजह से आज पहाड़ जल रहा है। चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने शांत पड़े पहाड़ पर आग फैलाने का काम किया है। उन्होंने कहा इस आंदोलन की वजह से गोरखा जनमुक्ति मोर्चा ( गोजमुमो) सुप्रीमो विमल गुरूंग को राजनीति करने का मौका मिल गया है। उन्होंने कहा कि पहाड़ में लगी आग का असर समतल तक कही पहुंच न जाये। गोजमुमो को गोरखालैंड के लिये उकसाने वाली ममता बनर्जी है।
उन्होंने राज्य सरकार को पहाड़ पर शांति बनाये रखने के लिये सर्वदलीय बैठक बुलाने पर विचार करने की सलाह दी है। दार्जिलिंग जिला कांग्रेस की ओर से सिलीगुड़ी के बाघाजतिन पार्क से जंक्शन तक पहाड़ पर शांति बहाली की कामना के लिये शनिवार एक विशाल रैली निकाली गयी।
रैली में कांग्रेस के हजारों समर्थकों के साथ दार्जिलिंग जिला कांग्रेस के अध्यक्ष व विधायक शंकर मालाकार, जलपाईगुड़ी के अध्यक्ष निर्मल घोष दस्तीदार एवं जलपाईगुड़ी विधायक सुख विलास वर्मा मौजूद थे।