राज्य
योग दिवस की तैयारियों में आंधी-पानी का खलल, मजदूरों की दो दिन की मेहनत बेकार
By Deshwani | Publish Date: 16/6/2017 8:04:23 PM लखनऊ, (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को लखनऊ के रमाबाई अम्बेडकर मैदान में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों में आंधी पानी ने खलल डाल दिया। तेज आंधी और वर्षा के कारण पूरे परिसर में बिछी मैटी और मैटी के ऊपर एक-एक व्यक्ति के बैठने के लिए अलग-अलग बिछी चटाई उड़ कर इकठ्ठा हो गयी। आंधी इतनी तेज थी कि कुछ चटाई दूसरे-तीसरे रो में जाकर गिरी। इसके बाद हुई तेज वर्षा ने परिसर में कार्य में लगे मजदूरों को भागने के लिए विवश कर दिया।
स्थलीय निरीक्षण में अभी रमाबाई अम्बेडकर मैदान में लोगों के बैठने की व्यवस्था लगभग फाइनल हो गयी थी। बिछावन भी पूरे परिसर में बिछ चुका था। पूरे परिसर में बड़े-बड़े 35 एलईडी स्क्रीन लगाये गये हैं। जिससे योग करते समय किसी को भी कोई असुविधा न हो। पर्याप्त संख्या में साउण्ड की भी व्यवस्था की गयी है। रमाबाई अम्बेडकर मैदान के मुख्य गेट पर महिला और पुरूषों के लिए जन सुविधाओं की भी व्यवस्था की गयी है।
इसके अलावा रमाबाई अम्बेडकर मैदान के चारों तरफ बनी सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त किया जा रहा है। सड़कों पर रंग रोगन और सड़कों के किनारे साफ-सफाई भी हो रही है।
गौरतलब हो कि 21 जून को योग दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करीब 60 हजार लोगों के साथ योग करेंगे। इस मौके पर राज्यपाल रामनाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्रिमण्डल के कई साथी योग करेंगे। इस बावत सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाये गये हैं।