राज्य
केजरीवाल ने दी चौधरी ब्रह्मप्रकाश को श्रद्धांजलि
By Deshwani | Publish Date: 16/6/2017 6:08:56 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। दिल्ली के पहले मुख्यमंत्री चौधरी ब्रह्मप्रकाश की पुण्यतिथि पर दिल्ली विधानसभा में आयोजित एक कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष रामनिवास गोयल एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री सत्येन्द्र जैन ने भी चौधरी ब्रह्मप्रकाश को श्रद्धांजलि अर्पित दी।
श्रद्धांजलि सभा में केजरीवाल ने कहा कि 1950 में जो लड़ाई लेकर चौधरी ब्रह्मप्रकाश चले थे आज वही लड़ाई 70 साल बाद हम भी लड़ रहे हैं। अंग्रेजों से जीतकर आज़ादी तो ले ली पर हम अभी तक अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं। मुख्यमत्री ने कहा कि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा मिले। क्या हम काम टैक्स देते हैं या कम देश भक्त हैं? हम में क्या कमी है?
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली विधानसभा को भी पूरा अधिकार होना चाहिए वह दिल्ली की जनता की सेवा कर सके। दिल्ली की सरकार को भी जनता के विकास एवं उनके हितों की रक्षा का पूरा अधिकार होना चाहिए। इसके लिए चौधरी ब्रह्म प्रकाश भी लड़े थे, हम भी लड़ रहे हैं और मुझे लगता है अब तो आज़ादी मिल जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने गांव-देहात का जिक्र करते हुए कहा कि हमने कैलाश गहलोत को मंत्री पद दिया जो दिखाता है कि देहात के लोगों को लिए हमारी कितनी श्रद्धा है। अब देहात का मंत्री बताएगा कि देहात की क्या जरूरत है?