राज्य
सिंधिया का सत्याग्रह हुआ फेल, आज आखिरी दिन
By Deshwani | Publish Date: 16/6/2017 5:23:51 PM भोपाल, (हि.स.)। किसान आंदोलन के दौरान मंदसौर में पुलिस की गोलीबारी में मारे गए किसानों और उनकी मांगों को लेकर राजधानी भोपाल में 72 घंटे के अनशन पर बैठे पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का सत्याग्रह शुक्रवार शाम को खत्म हो जाएगा, लेकिन यह सत्याग्रह सुर्खियां नहीं बटोर पाया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उपवास को नौटंकी बताते हुए सिंधिया ने जिस उम्मीद से यह उपवास शुरू किया था, उन्हें उतनी तवज्जों नहीं मिली।
हालांकि, दिग्विजय सिंह गुरुवार को उनके मंच पर पहुंचे, लेकिन पार्टी में जिस तरह की गुटबाजी है, उसके चलते अन्य पार्टी नेता उनके मंच से दूर रहे और यह सत्याग्रह विफल साबित हुआ। वे इसके माध्यम से पार्टी को कोई लाभ पहुंचा पाएंगे या नहीं, यह फिलहाल भविष्य के गर्त में है, लेकिन वे दशहरा मैदान में किसानों को भीड़ नहीं जुटा पाए। केवल कांग्रेस के छुटभैए नेता ही उनके आसपास नजर आए। सिंधिया मंच से भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ लगातार निशाना साध रहे हैं, लेकिन उनकी सुनने के लिए किसानों की भीड़ ही वहां मौजूद नहीं है, तो फिर उनका आंदोलन कितना सफल होगा, यह समझा जा सकता है।
हालांकि मुट्ठीभर किसानों के साथ कांग्रेस की फौज जरूर उनके आंदोलन में शामिल है। कांग्रेस इस सत्याग्रह को बड़ा बनाने की कोशिश में लगातार जुटी रही और शुक्रवार शाम को सिंधिया का उपवास खत्म भी हो जाएगा, लेकिन उम्मीद के मुताबिक यह आंदोलन सफल होता नजर नहीं आ रहा है।