राज्य
किसान मेला में शिरकत लेने बहराइच पहुंचे स्वामी प्रसाद मौर्या
By Deshwani | Publish Date: 15/6/2017 4:46:28 PM बहराइच, (हि.स.)। किसान मेला में शिरकत करने उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवा योजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या गुरुवार को बहराइच पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहर में 80 फीसदी सड़के गड्ढा मुक्त हो गई है जो बची हुई है उसे भी गड्ढा मुक्त किया जाएगा। मानसून 22 जून के बाद आता है तब तक कार्य कर लिया जाएगा।
मेले में पहुंचकर उन्होंने किसान द्वारा लगाए गए स्टॉल का भ्रमण किया और किसान संबधी जानकारियां किसानों को दी। मीडिया से रूबरू होते हुए एक सवाल के जवाब में उन्होने कहा कि सपा सरकार में अपराध होते थे पांच साल तक अपराधी पकड़े नहीं जाते थे उत्तर प्रदेश में अब तक जितने भी अपराध हुए हैं, सभी के सभी अपराधी पकड़े गए है और जेल के अंदर है।
पूर्ववर्ती सरकार ने पूरे प्रदेश को गुण्डा माफिया का चारागाह बना दिया था। गुण्डाराज बन गया था। एका-एक कोई बटन दाबकर नियंत्रण नही कर लेंगे। नियंत्रण करने के लिए हमारी सरकार ने कठोर कदम उठाएं है और जिसके चलते पूरे उत्तर प्रदेश के गुण्डा माफिया व अपराधी बौखलाएं है। बौखलाए अपराधी कानून को अपने हाथ में लेने की गुस्ताखी कर रहे हैं। जो भी अपराधी कानून को अपने हाथों में लिया है वो सलाखों के पीछे है। समाजवादी पार्टी गुण्डे माफियों की पर्याय रही है। उसका संरक्षण देना का काम है। हम उससे भी घबराने वाले नहीं हैं। सारी की सारी विरोधी पार्टियां उत्तर प्रदेश को चाहे जितना भी अस्त-व्यस्त करना चाहे, लेकिन उसके बावजूद हम उत्तर प्रदेश को विकास की पटरी पर ले जाएंगे।