राज्य
अपना दल कृष्णा गुट का केन्द्र सरकार की नीतियों के खिलाफ धरना
By Deshwani | Publish Date: 15/6/2017 4:27:31 PM वाराणसी, (हि.स.)। केन्द्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में अपना दल (कृष्णा पटेल) गुट के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को शास्त्रीघाट वरूणापुल के नीचे जमकर धरना प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राजेश पटेल ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार किसानों से वादाखिलाफी कर रही है। मंदसौर मध्यप्रदेश में किसानों पर फायरिंग करा उनकी हत्या कराने वाली भाजपा की शिवराज सरकार ने किसान विरोधी होने का परिचय दिया है।
भाजपा शासित प्रदेशों में अराजकता, महिलाओं के साथ आये दिन बलात्कार, बढ़ रहे अपराध का हवाला देकर अन्य वक्ताओं ने भी केन्द्र पर निशाना साधा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मंदसौर कांड की न्यायिक जांच कराने, स्वामीनाथन आयोग के रिपोर्ट को लागू करने, किसानों का कर्जा माफ करने, कृषि आयोग गठन करने, कृषि को उद्योग का दर्जा देने आदि की मांग की गई। प्रदर्शन के बाद पत्रक देने कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर जुलूस की शक्ल में पहुंचे। इसमें राधेश्याम पटेल, गगन प्रकाश यादव, राजनाथ राजभर, आदि शामिल रहे।