राज्य
सोनिया व राहुल पर आपत्तिजनक टिप्पणी, दो लोगों पर मामला दर्ज
By Deshwani | Publish Date: 14/6/2017 11:29:37 AM कांकेर, (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी से नाराज कांग्रेस नेताओं ने दो युवकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कांकेर पुलिस ने आईटी एक्ट 67 व 294, 501 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है। वहीं रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद एक आरोपी ने महात्मा गांधी पर भी असंसदीय टिप्पणी की। इस मामले में पुलिस ने चारामा के गंगूराम सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कांकेर जिला के पूर्व युकां अध्यक्ष गौतम लुक्कड़ ने रिपोर्ट में कहा है कि चारामा के गंगूराम सोनकर और बिलासपुर के सुरेंद्र खैरवार ने सोशल साइट के छत्तीसगढ़ मीडिया ग्रुप पर पहले सोनिया गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
इसके बाद दोनों युवकों ने राहुल गांधी पर भी अभद्र टिप्पणी की। कांकेर पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।