राज्य
दिल्ली सरकार ने की जिला विकास समितियों के चेयरमैन की नियुक्तियां
By Deshwani | Publish Date: 13/6/2017 1:57:08 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। दिल्ली सरकार ने जिला विकास समितियों के चेयरमैन की नियुक्तियां कर दी हैं। राजस्व विभाग ने इस संबंध में एक अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के अनुसार बुराड़ी से विधायक संजीव झा को सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट का चेयरमैन बनाया गया है। ईस्ट डिस्ट्रिक्ट का चेयरमैन गांधी नगर के विधायक अनिल वाजपेयी को बनाया गया है। जंगपुरा से आप विधायक परवीन कुमार देशमुख को नई दिल्ली जिला विकास समिति का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। उत्तरी जिला कमेटी का चेयरमैन नरेला के विधायक शरद कुमार को बनाया गया है। नार्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट विकास समिति का चेयरमैन गोकुलपुरी के विधायक फतेह सिंह को बनाया गया है। ऋतुरात को उत्तर-पश्चिम जिला विकास समिति का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। सरिता सिंह को शाहदरा,नरेश यादव को दक्षिणी,मदनलाल को दक्षिण-पूर्व,गुलाब सिंह को दक्षिण-पश्चिम तथा तिलकनगर से आप विधायक जरनैल सिंह को पश्चिमी जिला विकास समिति का चेयरमैन बनाया गया है।
राजस्व विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जिला विकास समितियों का प्रमुख कार्य जिले अथवा उसके विशेष हिस्से के लिए अधिकारियों के सहयोग से योजनाओं की पहचान करना एवं उसका प्रारूप तैयार करना है। इसके बाद ये कमेटियों इन योजनाओं को क्रियान्वित कराती हैं। इसमें स्थायनीय लोगों एवं आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों की भी सलाह ली जाती है। जिला विकास समितियों की यह भी जिम्मेदारी होती है कि वे योजना के समापन तक उसकी निगरानी करें।
अधिकारी ने बताया कि जिला विकास समितियों में स्थानीय पार्षद,जल बोर्ड,पीडब्ल्यूडी सहित दिल्ली सरकार के कई विभागों के प्रतिनिधि सदस्य के रूप में शामिल होते हैं। जिला के उपायुक्त (राजस्व) कमेटी के संयोजक होते हैं।