राज्य
शिमला के लिए भाजपा लाएगी एक हजार करोड़ की योजना: सत्ती
By Deshwani | Publish Date: 13/6/2017 12:03:24 PM शिमला, (हि.स.)। भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि कांग्रेस नगर निगम शिमला के चुनावों से अपने प्रत्याशियों को छोड़ कर भाग रही है। भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि पहले कांग्रेस पार्टी चिन्ह पर चुनाव करने से भाग गई और अब प्रत्याशियों को भी छोड़ कर भाग रही है। कांग्रेस और सीपीआईएम ने नगर निगम शिमला में 31 सालों तक राज किया है पर आज भी शिमला की समस्याएं वैसी की वैसी ही है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर शिमला नगर निगम में भाजपा की सरकार बनती है तो पार्टी केन्द्र सरकार से शिमला के लिए एक हजार करोड़ रुपये लाएगी जिससे शिमला की पानी सहित अन्य समस्याओं का निपटारा हो सके। सत्ती ने कहा कि नेता विपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल बुधवार को शिमला में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। जबकि इससे पहले केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नडडा नगर निगम में पार्टी के लिए प्रचार कर चुके हैं।