राज्य
श्रमिक संगठनों का 12 घंटे का बंद, दार्जीलिंग में दिखा जबरदस्त असर
By Deshwani | Publish Date: 13/6/2017 11:43:30 AM दार्जिलिंग, (हि.स)। चाय बागान श्रमिकों की मजदूरी वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर श्रमिक संगठनों के संयुक्त मंच की ओर से मंगलवार को आहूत 12 घंटे की हड़ताल से पहाड़ पर जनजीवन ठप है। गोर्खालैंड की मांग में गोजमुमो की ओर से जारी बेमियादी हड़ताल के बीच श्रमिक संगठनों द्वारा आहूत बंद से पहाड़वासियों को दोहरा झटका लगा है। गोजमुमो ने श्रमिक संगठनों के बंद का समर्थन किया है। बंद के कारण सुबह से दुकान बंद हैं। निजी बसों का परिचालन ठप है। दार्जिलिंग का प्रसिद्ध मेल सूना पड़ा है। शिक्षण संस्थान बंद पड़े हैं। कुछ सरकारी बसे सड़कों पर दिख रही है, पर उनमें यात्रियों की संख्या नाम मात्र है।
सिलीगुड़ी में श्रमिक संगठनों के बंद का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। निजी बसें सड़कों पर दौड़ रही है, पर इसकी संख्या काफी कम है। अधिकतर दुकान बंद हैं। बंद के समर्थन में विभिन्न श्रमिक संगठन पिकेटिंग कर रहे हैं। इधर, प्रशासन ने बंद के दौरान सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया है। फिलहाल पहाड़ एवं समतल इलाके में बंद शांतिपूर्ण चल रहा है। गौरतलब है कि न्यूनतम मजदूरी की मांग को लेकर 26 श्रमिक संगठनों ने संयुक्त मंच के बैनर तले 12-13 जून दो दिन व्यापी चाय बागान बंद का आह्वान है। कल केवल चाय बागानों में बंद का पालन किया गया जबकि आज संयुक्त मंच की ओर से आम हड़ताल आहूत की गयी। कल चाय बागानों में बंद का मिला जुला असर देखने को मिला।