राज्य
पूर्वी निगम देगा पार्षदों एवं मनोनीत सदस्यों को लैपटाप एवं प्रिंटर
By Deshwani | Publish Date: 9/6/2017 6:36:04 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली नगर निगम (ईडीएमसी) अपने सभी पार्षदों एवं मनोनीत सदस्यों को लैपटाप एवं प्रिंटर देगा। शुक्रवार को सदन की पहली बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव लाया गया जिसे सदन के सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
प्रस्ताव पेश करते हुए लक्ष्मीनगर वार्ड से पार्षद संतोष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ई-गर्वनेंस के प्रयास को आगे बढ़ाते हुए सभी पार्षदों एवं मनोनीत सदस्यों को डिजीटल माध्यमों का सहारा लेना चाहिए। इसके लिए हार्ड पेपर वर्क को छोड़कर ज्यादा से ज्यादा काम लैपटाप द्वारा किया जाना चाहिए। इसीलिए सदन अपने सभी सदस्यों एवं समितियों के मनोनीत सदस्यों को लैपटाप एवं प्रिंटर उपलब्ध कराये ताकि वे अपने काम को ज्यादा सुगमता से कर सकें।
संतोष ने कहा कि इससे सदस्यों की कार्यकुशलता भी बढ़ेगी। इस प्रस्ताव को सदन में उपस्थित सत्तापक्ष एवं विपक्ष के पार्षदों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया। हालांकि पिछले कार्यकाल में भी पार्षदों एवं सदस्यों को लैपटाप दिये गये थे। सदन का कार्यकाल समाप्त होने के बाद कुछ सदस्यों ने ये लैपटाप लौटा दिये लेकिन कुछ सदस्यों ने इनके एवज में निगम प्रशासन को उचित धनराशि का भुगतान कर दिया।