राज्य
योगी सरकार में प्राइमरी से उच्च शिक्षा तक पड़ी बदलाव की नींव: भाजपा
By Deshwani | Publish Date: 9/6/2017 4:23:22 PM लखनऊ, (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश की बोर्ड परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की है। पार्टी ने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का एक ऐसा वातावरण सृजन कर रही है, जिसमें वह एक सफल नागरिक बनकर प्रदेश और देश की उन्नति में अपना योगदान दे सकें।
प्रदेश प्रवक्ता चद्रं मोहन ने कहा कि प्राइमरी से उच्च शिक्षा तक एक बदलाव की नींव पड़ी है। कक्षा आठ तक के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को नए रंग की स्कूल ड्रेस पहनने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराकर प्रदेश सरकार गुणवत्तापरक शिक्षा के लिए सभी जरुरी उपाय करने पर जोर दे रही है। मुख्यमंत्री ने स्कूलों में साफ-सफाई के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 1760 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रयोगशालाएं स्थापित करने और 45809 विद्यालयों में विद्युतीकरण के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए हैं। स्कूलों में शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति बायोमीट्रिक सिस्टम से कराने का आदेश भी दिया गया है। इन निर्णयों से प्रदेश में गुणवत्तापरक शिक्षा का वातावरण बनेगा जो विद्यार्थियों की क्षमता बढ़ाएगा और यही विद्यार्थी आगे चलकर एक सफल नागरिक बनेंगे।