राज्य
थाने के सामने बदमाशों का तांड़व, महिला का तोड़ा हाथ
By Deshwani | Publish Date: 8/6/2017 11:05:18 AMमेरठ, (हि.स.)। बेखौफ बदमाशों के आगे पुलिस का कोई बस नहीं चल रहा। अब तो थाने के सामने भी बदमाशों ने सरेआम लूटपाट शुरू कर दी। बुधवार की रात सदर थाने के सामने बदमाशों ने एक महिला से पर्स छीन लिया। विरोध करने पर उसका हाथ तोड़ दिया और फरार हो गए।
बुधवार की देर रात रेलवे रोड स्थित देवपुरी निवासी व्यापारी रमन वर्णी की पत्नी हिमांशी वर्णी अपनी सहेली शिल्पा के साथ सदर बाजार से लौट रही थी। सदर बाजार थाने के सामने ही बाइक पर सवार दो बदमाशों ने हिमांशी से पर्स छीन लिया। इस पर बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश को हिमांशी ने पकड़ लिया। विरोध होता देखकर बदमाश ने हिमांशी को धक्का दे दिया और मारपीट कर दी। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। हिमांशी के शोर मचाने पर लोग इकट्ठा हो गए, तब तक बदमाश भाग चुके थे। महिला के पर्स में साढ़े चार हजार रुपये, एक मोबाइल, एक सोने की चेन और कागजात थे। महिला को अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही व्यापारी नेता जीतू नागपाल वहां पहुंचे और व्यापारियों के साथ हंगामा शुरू कर दिया। पहले पुलिस व्यापारियों को टरकाना चाहती थी, लेकिन उनका विरोध देखकर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। एसपी सिटी मान सिंह चैहान का कहना है कि शहर में महिलाओं की सुरक्षा के लिए अलग-अलग प्वाइंट बनाए जाएंगे। पूरे शहर में विशेष निगरानी रखी जाएगी।