राज्य
अब वी-सेट के जरिए रेल दुर्घटना स्थलों की मिलेगी सीधी जानकारी
By Deshwani | Publish Date: 7/6/2017 12:48:27 PMलखनऊ,(हि.स.)। रेलवे अब वी-सेट के जरिए रेल दुर्घटना स्थल का सीधा प्रसारण करेगा। हादसे के बाद अफसर दफ्तर में ही बैठकर रेल दुर्घटना स्थल की सीधी जानकारी ले सकेंगे और उसके बारे में सीधे दिशा -निर्देश भी दे सकेंगे। इसके लिए सभी रेल मंडलों को वी-सेट खरीदने के लिए फंड दिया गया है।
लखनऊ मंडल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि रेलवे अब दुर्घटनास्थल का सीधा प्रसारण करेगा। हादसा होने पर रेलवे बोर्ड के अधिकारी सीधे निगरानी कर दिशा-निर्देश दे सकेंगे। इसके लिए बोर्ड ने सभी रेल मंडल को वी-सेट उपकरण खरीदने के लिए फंड उपलब्ध करा दिया है। शीघ्र ही वी-सेट आने की उम्मीद है। इस उपकरण को दुर्घटना राहत ट्रेन में रखा जाएगा। रेल हादसे के बाद पीडि़तों को राहत और सहायता मिलने में काफी समय लग जाता है,जिससे राहत कार्य में देरी होती है।
उन्होंने बताया कि रेल मंत्रालय ने हादसे से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सभी मंडल मुख्यालय में वी-सेट लगाने के आदेश दिए हैं। वी-सेट सेटेलाइट से जुड़ा रहेगा। इसे राहत ट्रेन में रखकर मौके पर पहुंचाया जाएगा। इसके बाद दुर्घटनास्थल की गतिविधियों को मंडल मुख्यालय से लेकर रेलवे बोर्ड तक के अफसर सीधे देख पाएंगे। वी-सेट से कॉल और ई-मेल की भी सुविधा होगी। मृतक और बेहोश यात्रियों की शिनाख्त के लिए सीधा प्रसारण किया जा सकेगा। वी-सेट से राहत कार्यों में तेजी आएगी। रेलवे बोर्ड ने एजेंसी का निर्धारण कर दिया है। जिससे अफसर बिना निविदा के वी-सेट खरीद सकेंगे। अधिकारी के मुताबिक, वी-सेट खरीदने के लिए फंड मिल गया है। कंपनी को इसे उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है। उपलब्ध होने पर इसका परीक्षण किया जाएगा।