सीतापुर, (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर में बीती रात बाइक सवार बदमाशों ने दाल व्यापारी पर उसके घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पति को बचाने पहुंची पत्नी और बेटे को भी बदमाशों ने गोली मार दी। ट्रिपल मर्डर की जानकारी होने पर एसपी, एएसपी समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस चर्च रोड पर रहने वाले सुनील जायसवाल (60) की राजा मार्केट में दाल की दुकान है।
फायरिंग की आवाज सुनकर कमरे से बाहर निकली व्यापारी की पत्नी कामिनी (55) और बेटे ऋतिक को भी बदमाशों ने गोली मार दी। हत्या की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों को पकड़ने के लिए स्थानीय युवक मनीष पहुंचा तो बदमाशों ने उसके पैर में गोली मार कर उसे भी घायल कर दिया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर फारेंसिक जांच कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया| हत्या के पीछे क्या कारण है, इसकी जांच की जा रही है तथा हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए शहर के सभी सीमाओं को सील कर दबिश दी जा रही है।
बाजार बंद, पहुंचे लखनऊ आईजी
सीतापुर जनपद में व्यापारी उनकी, पत्नी व बेटे की हत्या के बाद व्यापारियों में आक्रोश है| उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाते हुए बाजार बंद कर दिया है। व्यापारियों का कहना है कि जल्द से व्यापारी के हत्यारों को पुलिस गिरफ्तार करे, तभी शवों का अन्तिम संस्कार किया जाएगा। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए लखनऊ आईजी, डीआईजी रेंज घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशितों को शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं।