राज्य
रोडवेज स्थापना दिवस पर गुड़गांव के लिए चलेगी वॉल्वो बस
By Deshwani | Publish Date: 6/6/2017 12:49:03 PMलखनऊ,(हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसें अब हरियाणा के गुड़गांव तक जाएंगी। हरियाणा परिवहन ने बस संचालित करने की मंजूरी दे दी है।
रोडेवेज के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राजधानी के चारबाग बस अड्डे से गुड़गांव के बीच वॉल्वो बसों की सीधी सेवा चलने का रास्ता साफ हो गया। अब इस बस सेवा को परिवहन निगम की स्थापना दिवस के मौके पर चलाने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि इस बार स्थापना दिवस सात जून के बजाए 10 या 14 जून को मनाया जाएगा। इसीलिए मुख्यमंत्री कार्यालय को दो तारीख दे दी गई है, इनमें से किसी एक तारीख पर मुहर लगते ही स्थापना दिवस की कार्य योजना तैयार हो जाएगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह ने बताया कि बीते दिनों परिवहन मंत्री के निर्देश पर उत्तराखंड, बिहार और हरियाणा के बीच बस सेवा चलाने के लिए समझौता हुआ था। इसी क्रम में लखनऊ से गुड़गांव के बीच सर्वे रिपोर्ट आ चुकी है। किराया और समय सारणी हरियाणा परिवहन सेवा प्रबंधक की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद तय होगा। इस सेवा के चलने से यात्रियों को लखनऊ से दिल्ली जाकर गुड़गांव के लिए दूसरी बस नहीं पकड़नी पड़ेगी। वॉल्वो बसों की सेवा लखनऊ से गुड़गांव के बीच सीधी बस सेवा के रूप में चलेगी।