राज्य
मेडिकल कॉलेज में फिर जूनियर डॉक्टरों की दबंगई, हंगामा
By Deshwani | Publish Date: 5/6/2017 12:37:59 PMमेरठ,(हि.स.)। मेडिक लकॉलेज में जूनियर डॉक्टरों की दबंगई कम होने का नाम नहीं ले रही। रविवार की देर रात सहारनपुर हिंसा में घायल युवक के साथ एक डॉक्टर ने अभद्रता की। इस पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। एसआईसी ने इस मामले की रिपोर्ट तलब कर ली है।
सहारनपुर हिंसा में घायल हुए युवकों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। यहां पर घायल नितिन भी भर्ती है। रविवार की देर रात एक डाॅक्टर ने नितिन की पट्टी खोलने को लेकर परिजनों से अभद्रता कर दी। डाॅक्टर नितिन की पट्टी जल्दबाजी में खोल रहा था। इस पर एतराज जताने पर डाॅक्टर ने उसके हाथ पर पानी डाल दिया और गाली-गलौज की।
परिजनों ने इस मामले को लेकर जमकर हंगामा किया। विरोध बढ़ता देखकर डाॅक्टर वहां से फरार हो गया। सूचना पर रात में ही पुलिस वहां पहुंची और घटना की जानकारी ली। परिजनों ने रात में ही इसकी शिकायत प्रमुख अधीक्षक डॉ. विभु साहनी से की। जिस पर प्रमुख अधीक्षक ने पूरे मामले की रिपोर्ट तलब करते हुए जांच करने के आदेश दिए हैं। इसकी जानकारी प्रिंसिपल और महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा लखनऊ को भी भेजी गई है।