बिहार
पटना हाईकोर्ट के छह नए जजों को दिलाई गई शपथ, आज से ही शुरू किया काम
By Deshwani | Publish Date: 22/5/2017 5:44:28 PMपटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
पटना हाईकोर्ट के मार्बल हाॅल में आयोजित एक सादे समारोह में मुख्य न्यायाधीश राजेंद्र मेनन ने पटना हाईकोर्ट के लिए नियुक्त 6 न्यायाधीशों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। अब हाई कोर्ट में 18 जजों के पद रिक्त रह जायेंगे। कुल 6 जजों में से केवल एक प्रकाश चंद्र जाय सवाल न्यायिक सेवा से प्रोन्नति पाकर जज बनाए गए हैं। वकील कोटे से अनिल कुमार उपाध्याय, संजय कुमार, राजीव रंजन प्रसाद, संजय कुमार, मधुरेश प्रसाद और मोहित शाह को शपथ दिलाई गई।
समारोह में एडवोकेट राम बालक महतो जनरल, पूर्व एडवोकेट जनरल पी के शाही, सेवा निवृत्त जज, एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष वाई सी वर्मा, वकील एसोसिएशन के अध्यक्ष उमाशंकर, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पुष्कर नारायण शाही, वरीय अधिवक्ता यदु वंश गिरी व अन्य मौजूद थे।
शपथ के तुरंत बाद 11 बजे से सभी नव नियुक्त जजों ने न्यायिक कार्यवाही में हिस्सा लिया। इन जजों को जमानत सम्बंधित मामले की सुनवाई का कार्यभार सौंपा गया है। हाई कोर्ट में जमानत के सैकड़ों मामले लंबित हैं।फिलहाल जजों की नियुक्ति 2 साल के लिए अपर न्यायमूर्ति के रूप में की जाती है। बाद में इनकी नियुक्ति स्थायी की जाती है।