बिहार
योगी आदित्यनाथ पटना में भाजपा की रैली को करेंगे संबोधित
By Deshwani | Publish Date: 19/5/2017 12:59:53 PMपटना। केन्द्र में राजग की सरकार की उपलब्धियों को जन-जन पहुंचाने के लिए सभी जिला मुख्यालयों में प्रदेश भाजपा जनसभा का आयोजन करेगी। पटना और नालंदा में रैली के रूप में आयोजन होगा। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पटना और उप मुख्यमंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य नालंदा की रैली को संबोधित करेंगे।
जिलों में जनसभा के आयोजन की तैयारी के लिए शुक्रवार को यहां भाजपा के सभी जिलाध्यक्षों और विधायकों और पूर्व विधायकों की बैठक में जनसभा के आयोजन की रूपरेखा तय हुई। पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के सरकारी आवास पर आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और संगठन महामंत्री नागेन्द्रजी शरीक हुए।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, पटना और नालंदा की जनसभा की तिथि अभी तय नहीं हुई है। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के 22 ठिकानों पर आयकर छापेमारी को लेकर आक्रोशित राजद कार्यकर्ताओं के पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर हमले का भी भाजपा ने राज्यव्यापी विरोध करने की ठानी है। जनसभाओं में लालू प्रसाद और उनके परिजनों द्वारा अरबों की बेनामी सम्पत्ति अर्जित करने पर भाजपा का विरोध जारी रहेगा।