बिहार
लाठी के बल पर विपक्ष की आवाज दबाना चाहते हैं बड़े भाई व छोटे भाई : पप्पू यादव
By Deshwani | Publish Date: 17/5/2017 5:56:21 PMपटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षण और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भाजपा के राज्य मुख्यालय पर राजद कार्यकर्ताओं के हमले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि छोटे भाई जनता की आवाज दबाने के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज करवाते हैं और झूठे मुकदमे में जेल भेज देते हैं। तो बड़े भाई अपने कार्यकर्ताओं को भेजकर विरोधियों को लाठी-डंडे पिटवाते हैं। लोकतंत्र में इसकी इजाजत नहीं दी जा सकती है। सांसद ने कहा कि बिहार में कानून नाम की कोई चीज नहीं रह गयी है। अपराधी बेकाबू हो गए हैं। सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ता ही गुंडागर्दी कर रहे हैं। इससे राजद कार्यकर्ताओं का चरित्र भी उजागर हो गया है। श्री यादव ने कहा कि लालू यादव समाजवाद के नाम पर अपने बेटे-बेटियों के नाम बेनामी संपत्ति अर्जित करते रहे। जब उनकी काली कमाई का खुलासा होने लगा है तो उनका पूरा कुनबा बौखला गया है। हिंसक हो गया है।
उन्होंने कहा कि बिहार में विपक्ष निष्क्रिय हो गया है। जनता के मुद्दों पर विपक्ष आंदोलन खड़ा नहीं कर पा रहा है। सांसद ने कहा कि बिहार में असली विपक्ष की भूमिका का निर्वाह जन अधिकार पार्टी ही कर रही है और राज्यव्यापी आंदोलन चला रही है।