बिहार
आयकर छापेमारी से क्षुब्ध राजद कार्यकर्ताओं ने किया भाजपा कार्यालय पर हमला, तोड़फोड़ व मारपीट
By Deshwani | Publish Date: 17/5/2017 4:16:42 PM पटना, (हिस )। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के 22 ठिकानों पर की गई आयकर छापेमारी से क्षुब्ध पार्टी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को यहां दोपहर के पहले प्रदेश भाजपा कार्यालय पर हमला किया। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में मारपीट भी हुई । उन्होंने पार्टी कार्यालय से बाहर सड़क पर लगे कई वाहनों के शीशे तोड़ दिये। सिटी एसपी चंदन कुशवाहा की अगुआई में बड़ी संख्या में पहुंचे पुलिस के जवानों ने स्थिति को निय़ंत्रित किया। इधर, लालू प्रसाद और उनके परिजनों द्वारा 1000 करोड़ रुपये से अधिक की बेनामी सम्पत्ति अर्जित करने के आरोप के साथ इसकी जांच कराने और लालू के दोनों बेटों उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव और स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव को मंत्री पद से बर्खास्त करने की मुख्य मांग को लेकर भाजपा की ओर से पटना सहित सभी जिला मुख्यालयों में धरना का आयोजन किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और विधान परिषद में विपक्ष के नेता सुशील कुमार मोदी ने पार्टी कार्यालय पर राजद कार्यकर्ताओं के हमले की सूचना पाने के बाद पार्टी कार्यालय पर पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आरोप लगाया कि प्रतिबंधित क्षेत्र में अवस्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर पुलिस की मौजूदगी में राजद कार्यकर्ताओं ने हमला कर गुंडागर्दी की है । उनकी पार्टी ईंट का जवाब पत्थर से देना चाहती है। पर हिंसा का जवाब हिंसा से देने की बजाय राजद की गुंडागर्दी को जनता की अदालत में ले जायेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस घटना को लेकर कार्रवाई के लिए ललकारा और कहा कि आखिर वह क्या चाहते हैं। राजद की गुंडागर्दी भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय ने भी पार्टी कार्यालय पर हमले को लेकर राजद की निंदा की और कहा कि लोकतंत्र में यह कदापि उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस घटना में पार्टी के कई कार्यकर्ता घायल हो गये हैैं । पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद सिंह ने कहा कि जब वे अन्य सहयोगी के साथ कार्यालय में बैठे थे तभी राजद के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने हमला बोल दिया। इसमें एक कार्यकर्ता के सिर में चोट आयी है।
इधर, राजद के प्रदेश प्रवक्ता मनोज झा ने कहा कि पहले भाजपा के कार्यकर्ताओं ने राजद पर पत्थरबाजी की। प्रतिक्रिया में राजद कार्यकर्ता ने जवाब दिया। यह स्वभाविक प्रतिक्रिया है। भाजपा की ओर से उकसाने वाली इस कार्रवाई के खिलाफ राजद प्रदेश के कोने-कोने में विरोध-प्रदर्शन करेगा।