बिहार
बिहार में लौट रहा हत्याओं का दौर : पप्पू
By Deshwani | Publish Date: 16/5/2017 5:53:48 PMपटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जन अधिकार पार्टी (लो) ने आज मंगलवार को बिहार में हत्याओं के दौर की वापसी का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार को घेरा। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजेश रंजन पप्पू ने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार कानून का राज्य स्थापित करने में पूरी तरह से विफल साबित हो चुकी है। इसी का नतीजा है कि एक बार फिर राज्य में हत्याओं का दौर लौट रहा है।
उन्होंने कहा कि अनियंत्रित अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं बच गया है। इसका ताजा उदाहरण है राज्य सत्तारूढ दल राजद के नेता की हत्या। इतना ही आए दिन हत्या की घटनाओं में बढोत्तरी हो रही है। आलम यह है कि दिनदहाड़े राजधानी के पॉश इलाके से पूर्व मंत्री की पत्नी को अपराधियों ने निशाना बनाते हुए चैन स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया।
पप्पू ने कहा कि राज्य में क्राइम को कंट्रोल करना अब महागठबंधन सरकार के बूते की बात नहीं है, क्योंकि कहीं न कहीं अपराधियों को सरकार में बैठे लोगों का भी समर्थन हासिल है। सुशासन बाबू को लॉ एंड ऑर्डर के नाम पर सिर्फ शराब ही दिखता है। मगर लूट, हत्या, बलात्कार जैसे अन्य जघन्य घटनाएं इन्हें नजर नहीं आती है। यह राज्य के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही सुशासन के नाम पर मिले जनादेश का अपमान भी है।
पप्पू ने सरकार से राज्य में कानून व्यवस्था बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि राज्य की जनता ने महागठबंधन की सरकार को बेहतर लॉ एंड ऑर्डर के साथ विकास के लिए बहुमत दिया है। इसलिए मुख्यमंत्री को जनता की सुरक्षा और बेलगाम अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए ठोस कदम उठना चाहिए।